डायमण्ड कॉमिक्स विंटेज विज्ञापन श्रृंखला: चाचा चौधरी, पिंकी, फैन्टम और मनोरंजन का खजाना। (Diamond Comics Vintage Advertisement Series: Chacha Chaudhary, Pinki, Phantom and a Treasure Trove of Entertainment)
![]()
प्राण साहब के सदाबहार किरदारों से लेकर फैन्टम और जेम्स बॉण्ड तक! (From Pran’s iconic characters to Phantom and James Bond.)
पुरानी कॉमिक्स और बाल पत्रिकाओं को पलटने का एक अलग ही आनंद है। कहानी शुरू होने से पहले या बीच के पन्नों में छपे विज्ञापन भी कई बार उतने ही रोचक होते थे जितनी स्वयं कॉमिक्स या मैगजीन। उस दौर में डायमण्ड कॉमिक्स के विज्ञापन केवल नए प्रकाशनों की जानकारी नहीं देते थे, बल्कि बच्चों और पाठकों के लिए उत्साह पैदा करते थे कि अगली बार कौन-सी कॉमिक्स घर आने वाली है।

आज हमारी “डायमण्ड कॉमिक्स विंटेज विज्ञापन श्रृंखला” में ऐसा ही एक दिलचस्प विज्ञापन सामने आया है। एक पुराने मैगज़ीन अंक में प्रकाशित यह पन्ना उस दौर की कॉमिक्स संस्कृति की शानदार झलक दिखाता है।

सबसे पहले नज़र जाती है कार्टूनिस्ट प्राण के लोकप्रिय किरदारों पर। पिंकी मिस वर्ल्ड, चाचा चौधरी डाइजेस्ट -15, और दाबू और हीरों का देश जैसे शीर्षक तुरंत उस समय की यादें ताज़ा कर देते हैं। प्राण के किरदार केवल कॉमिक्स पात्र नहीं थे! वे भारतीय घरों का हिस्सा बन चुके थे। चाचा चौधरी की बुद्धिमानी, पिंकी की शरारतें और दाबू के मजेदार किस्से बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को आकर्षित करते थे। हाॅलांकि दाबू नामक पात्र की काॅमिक्स कम ही दिखाई पड़ती थी पर वो भी कार्टूनिस्ट प्राण द्वारा कृत एक बेहतरीन किरदार था।

लेकिन बात यहीं खत्म नहीं होती क्योंकि इसी विज्ञापन में भारतीय पाठकों को अंतरराष्ट्रीय और रोमांचक दुनिया की भी झलक मिलती है। फैन्टम डाइजेस्ट – 63, मैण्ड्रेक – 50, और जेम्स बॉण्ड – 53 जैसे शीर्षक दिखाते हैं कि डायमण्ड कॉमिक्स भारतीय और विदेशी पात्रों का शानदार मिश्रण प्रस्तुत कर रहा था। उस समय ऐसे डाइजेस्ट संस्करण पाठकों को एक ही पुस्तक में कई रोमांचक अनुभव देने का काम करते थे।

रोमांच और रहस्य पसंद करने वालों के लिए भी इस पृष्ठ में काफी कुछ मौजूद था। ‘राजन-इकबाल और नकली हवाई जहाज़’ जैसे जासूसी रोमांच और ‘फौलादी सिंह और अंतरिक्ष के शैतान’ जैसी साहसिक कहानियाँ साफ दिखाती हैं कि डायमण्ड कॉमिक्स केवल हास्य तक सीमित नहीं था। जासूसी, विज्ञान-फंतासी, एक्शन और रहस्य जैसे वर्गों में हर तरह के पाठकों के लिए कुछ न कुछ मौजूद था।

और अगर आप उस दौर के अलग किस्म के पात्रों को याद करते हैं, तो डायमण्ड के एंटी-हीरो “डायनामाइट” की चित्रकथाएं भी इसी दौर की विविधता का हिस्सा थीं। यही वह समय था जब कॉमिक्स की दुनिया केवल सुपरहीरो तक सीमित नहीं थी, प्रयोग भी होते थे और नए किरदार भी लगातार सामने आते थे।

विज्ञापन में “अंकुर बाल बुक क्लब” का भी छोटा-सा उल्लेख दिखाई देता है, जो उस दौर में पाठकों को नियमित कॉमिक्स और कुछ अतिरिक्त लाभ देने की कोशिश करता था। लेकिन असली आकर्षण स्पष्ट रूप से सामने रखी गई कॉमिक्स की पूरी फौज थी।
आज डिजिटल दौर में शायद एक क्लिक पर सब कुछ उपलब्ध है, लेकिन उस समय ऐसे विज्ञापन पाठकों के लिए किसी अगले रोमांच की झलक होते थे। कई बच्चों ने शायद इन्हीं पन्नों को देखकर अगली कॉमिक्स खरीदने की योजना बनाई होगी, तो कई ने अपने मन में पसंदीदा कॉमिक्स की सूची भी बना ली होगी।
एक साधारण-सा विज्ञापन, लेकिन अपने भीतर पूरा एक युग समेटे हुए। भारत में सर्वाधिक बिकने वाले काॅमिक्स – डायमंड काॅमिक्स! आभार – काॅमिक्स बाइट!!
Chacha Chaudhary Comics in Hindi (Set of 20 Books)




