विंटेज डायमंड कॉमिक्स विज्ञापन: चाचा चौधरी से लेकर अग्निपुत्र अभय और डायनामाइट तक। (Vintage Diamond Comics Ad: From Chacha Chaudhary to Agniputra Abhay and Dynamite)
![]()
डायमंड कॉमिक्स का विंटेज विज्ञापन: नए सेट्स की जानकारी और प्रमुख अकों का आकर्षण! (Vintage Diamond Comics Advertising: Information On New Sets And Highlights Of Major Issues!)
हमारी विंटेज कॉमिक बुक विज्ञापन सीरीज़ का मक़सद है उन पुराने दिनों की झलक दिखाना जब रंग-बिरंगे विज्ञापन सिर्फ़ प्रचार का माध्यम नहीं बल्कि बच्चों और युवाओं के लिए उत्सुकता जगाने का ज़रिया हुआ करते थे। इन विज्ञापनों को देखकर ही पाठक अंदाज़ा लगा लेते थे कि आने वाले अंकों में कौन-सी रोमांचक कहानियाँ और हंसी से भरपूर किस्से मिलने वाले हैं। इस कड़ी में हम आज आपके लिए लाए हैं 90 के दशक का एक अनमोल डायमंड कॉमिक्स विज्ञापन, जिसमें एक साथ चाचा चौधरी, बिल्लू, पिंकी, श्रीमतीजी, रमन और चन्नी चाची जैसे लोकप्रिय किरदार तो हैं ही, साथ ही अग्निपुत्र अभय और डाइनामाइ) जैसे नए प्रयोगात्मक कॉमिक्स हीरो की भी झलक मिलती है।

90 के दशक के आख़िरी वर्षों में जब बच्चों के लिए सबसे बड़ा मनोरंजन कॉमिक्स ही हुआ करता था, उस समय डायमंड कॉमिक्स के विज्ञापन हर पाठक की नज़र को अपनी ओर खींच लेते थे। यह विंटेज विज्ञापन भी उसी दौर की याद दिलाता है। इसमें साफ़ झलकता है कि कार्टूनिस्ट प्राण के लोकप्रिय किरदार – चाचा चौधरी, साबू, बिल्लू, पिंकी, श्रीमतीजी, रमन और चन्नी चाची – बच्चों और युवाओं को हंसी और मज़ेदार कहानियों से बाँधने में सबसे आगे थे।

इस विज्ञापन में चाचा चौधरी की कई रोमांचक कहानियों का ज़िक्र है – चाचा चौधरी 11, चाचा चौधरी और ज़हरीला इंसान नोरा, चाचा चौधरी और ज़िद्दी कजान तथा चाचा चौधरी और बिग बैन। इन कॉमिक्स में चाचा चौधरी की बुद्धिमानी और साबू की ताक़त मिलकर पाठकों को गुदगुदाने और रोमांचित करने का काम करती थी।

इसी के साथ बच्चों की पसंदीदा कॉमिक्स बिल्लू और पिंकी भी बड़े आकर्षण का हिस्सा थीं। बिल्लू – गर्मी की छुट्टियाँ, पिंकी का नया फ्राक और पिंकी और तितली जैसी कॉमिक्स उस दौर के बच्चों को हंसी से लोटपोट कर देती थीं। इनके साथ-साथ रमण, श्रीमतीजी और चन्नी चाची जैसी घरेलू कॉमिक्स भी थीं, जो समाज और परिवार के मज़ाकिया पहलुओं को मज़ेदार अंदाज़ में पेश करती थीं।

लेकिन इस विज्ञापन की सबसे बड़ी खासियत है डायमंड कॉमिक्स के कुछ प्रयोगात्मक और नए जॉनर की झलक। अग्निपुत्र अभय और खरदुल्ला जैसी कहानियाँ विज्ञान, रहस्य और फैंटेसी का अनोखा मेल थीं, जो कॉमिक्स प्रेमियों को एक्शन और थ्रिल की दुनिया में ले जाती थीं। वहीं दूसरी ओर, डायमंड कॉमिक्स का एंटी-हीरो प्रयोग – डाइनामाइट (ज्वालामुखी) – अपने समय से कहीं आगे का किरदार था। ज्वालामुखी की कहानियों में आतंकवाद, अपराध और यथार्थ की झलक थी, जो बच्चों के साथ-साथ युवाओं को भी आकर्षित करती थीं।

यह विज्ञापन दरअसल उस दौर का प्रतिबिंब है जब डायमंड कॉमिक्स ने हास्य, कॉमेडी, एक्शन और सामाजिक मुद्दों – हर तरह की कहानियाँ एक ही छतरी के नीचे देने की कोशिश की। चाचा चौधरी और साबू जहां बच्चों की हंसी-ठिठोली के साथी थे, वहीं अग्निपुत्र अभय और ज्वालामुखी जैसे किरदार युवाओं को रहस्य और रोमांच का अलग स्वाद देते थे। डायमंड कॉमिक्स के सेट्स एक कम्पलीट मनोरंजन का पैकेज थे! आज यह विज्ञापन केवल एक प्रचार पोस्टर भर नहीं, बल्कि भारतीय कॉमिक्स जगत का एक स्वर्णिम अध्याय है, जो हमें उस दौर में वापस ले जाता है जब कॉमिक्स बच्चों के जीवन का सबसे अहम हिस्सा हुआ करती थीं। “जाने कहाँ गए वो दिन”! आभार – कॉमिक्स बाइट!!
Chacha Chaudhary Comics in Hindi (Set of 20 Books)




