भेड़िया कौन? | राज कॉमिक्स का विंटेज विज्ञापन और 90s का गोल्डन एरा (Bhediya Kaun? | Vintage Raj Comics Advertisement from the 90s Golden Era)
![]()
“भेड़िया कौन?” — राज कॉमिक्स का वह विंटेज विज्ञापन जिसने 90 के दशक में तूफान मचा दिया था। (“Bhediya Kaun?” — The Vintage Raj Comics Advertisement That Created a Storm in the 1990s)

By Dheeraj Verma Sir
90 के दशक में राज कॉमिक्स पढ़ने का मतलब सिर्फ कहानी पढ़ना नहीं था। कई बार तो कॉमिक्स खोलते ही सबसे पहले जो चीज़ दिल की धड़कन बढ़ा देती थी, वह होता था उसका विज्ञापन। “भेड़िया कौन?” का विंटेज ऐड ऐसा ही एक पन्ना था, जिसने कहानी शुरू होने से पहले ही पाठक के दिमाग में तूफान मचा दिया।
यह वह दौर था जब कॉमिक्स के विज्ञापन सिर्फ सूचना देने के लिए नहीं होते थे, बल्कि वे खुद एक अलग कहानी कहा करते थे। “भेड़िया कौन?” का ऐड भी कुछ ऐसा ही था, बिलकुल रॉ, हिंसक और पूरी तरह बेधड़क।
विंटेज विज्ञापन की एक खास बात थी कि वह सिर्फ भेड़िया को नहीं दिखा रहा था, बल्कि पूरे राज कॉमिक्स यूनिवर्स को एक ही पन्ने में समेट रहा था। अलग-अलग सुपरहीरोज़ के छोटे परिचय, दमदार टैगलाइन और बीच में उभरता सवाल—“भेड़िया कौन?” यह सब मिलकर पाठक की जिज्ञासा को अगले स्तर तक ले जाता था। आज जिसे हम हाइप-बिल्डिंग कहते हैं, राज कॉमिक्स ने वह कला बहुत पहले ही साध ली थी।

By Dheeraj Verma Sir
उस दौर के विज्ञापन आज के डिजिटल पोस्टर्स की तरह साफ-सुथरे नहीं थे। वे टेक्स्ट से भरे होते थे, ड्रामेटिक होते थे और कई बार ज़रूरत से ज़्यादा हिंसक भी लगते थे। लेकिन यही उनकी सच्चाई थी। वे पाठक को चुनौती देते थे—अगर दम है, तो इस कॉमिक को उठाओ।
इस काॅमिक्स के एक और विज्ञापन में भेड़िया को किसी चमकदार सुपरहीरो की तरह पेश नहीं किया गया था। वह जंगल से निकला एक वहशी योद्धा लगता है, जिसने सीधे नागराज को गले से दबोच रखा है। यह दृश्य एक ही नज़र में साफ कर देता है कि यह कोई साधारण टकराव नहीं है। भेड़िया नियमों में बंधा हुआ किरदार नहीं, बल्कि जंगल के कानून पर चलने वाला खतरनाक चरित्र है।
भेड़िया कौन के पहले विज्ञापन में नागराज के चेहरे से टपकता पसीना इस विज्ञापन की आत्मा है। धीरज वर्मा जी की यह खास पहचान रही है, पसीना सिर्फ डर नहीं दिखाता, बल्कि संघर्ष की गंभीरता को उजागर करता है। इस एक विज़ुअल से पाठक समझ जाता था कि नागराज इस बार किसी मामूली दुश्मन से नहीं भिड़ रहा। सामने खड़ा है ऐसा किरदार, जो उसे भी उसकी सीमाएँ याद दिला सकता है।

भेड़िया का जंगल से जुड़ाव उस विज्ञापन में भी साफ झलकता है। पोज़, एक्सप्रेशन और पूरी कम्पोज़िशन में एक अनगढ़पन है, जो 90s राज कॉमिक्स के गोल्डन एरा की पहचान था। यह वह समय था जब क्रिएटर्स किसी ट्रेंड या सेंसर की परवाह किए बिना अपनी बात कहते थे।
आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो महसूस होता है कि “भेड़िया कौन?” का वह विज्ञापन सिर्फ प्रमोशन नहीं था। वह एक अनुभव था, एक याद थी, जिसने हजारों पाठकों को कॉमिक स्टोर तक दौड़ा दिया। यही वजह है कि राज कॉमिक्स के विंटेज ऐड आज भी नॉस्टैल्जिया की सबसे मजबूत कड़ी माने जाते हैं।
“भेड़िया कौन?” आज भी वही सवाल छोड़ जाता है जिसने कभी एक पूरी पीढ़ी को बेचैन कर दिया था। क्या आपने भेड़िया कौन काॅमिक्स पढ़ी है? हमें टिप्पणी में अवश्य बतायें, आभार – काॅमिक्स बाइट!!

Back To Raj Comics Super Commando Dhruva Set-1



