नागराज का विंटेज पोस्टर “त्रिफना” – राज कॉमिक्स के स्वर्णिम दौर की झलक (Vintage Nagraj Poster “Trifna” – A Glimpse into Raj Comics Golden Era)
![]()
नागराज का स्वर्णिम दौर, जिसे फैंस आज भी नहीं भूले हैं। (Reliving the golden era of Nagraj and Raj Comics!)

भारतीय कॉमिक्स की दुनिया में अगर किसी सुपरहीरो ने लगातार अपनी पहचान और लोकप्रियता बनाए रखी है, तो वह हैं “नागराज”। आज हम बात कर रहे हैं एक ऐसे विंटेज पोस्टर की, जो सीधे हमें सन 2000s के उस दौर में ले जाता है, जब राज कॉमिक्स अपने स्वर्णिम समय में था और हर नया विशेषांक पाठकों के लिए किसी बड़े इवेंट से कम नहीं होता था। “त्रिफना” का यह पोस्टर उसी सुनहरे युग की एक झलक पेश करता है।
उस समय इस तरह के प्रोमोशनल पोस्टर्स कॉमिक बुक शॉप्स, रेलवे स्टॉल्स और लाइब्रेरी में लगाए जाते थे, ताकि पाठकों का ध्यान तुरंत खींचा जा सके। “त्रिफना” का यह पोस्टर भी अपने आप में बेहद आकर्षक और प्रभावशाली है। इसमें एक ही फ्रेम में कई किरदारों के बीच हो रहा संघर्ष दिखाई देता है, जहां नागराज चारों ओर से दुश्मनों से घिरा हुआ नजर आता है। सर्प शक्तियों से जुड़े विरोधी नगीना और नागपाशा, रहस्यमयी साधु कालदूत और नागराज की प्रेयसी विसर्पी इस बात का संकेत देते हैं कि कहानी केवल एक्शन तक सीमित नहीं, बल्कि इसमें प्रेम और मिथकीय तत्व भी गहराई से जुड़े हुए हैं।

इस पोस्टर और सीरीज की खासियत इसकी क्रिएटिव टीम भी है। दिग्गज कलाकार अनुपम सिन्हा जी और विनोद कुमार जी की जोड़ी ने मिलकर राज कॉमिक्स को कई यादगार कहानियां दी हैं। “त्रिफना” भी उन्हीं में से एक मानी जाती है, जिसमें एक्शन, एडवेंचर और रोमांच का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है। उनकी प्रस्तुति में हर किरदार जीवंत लगता है और हर दृश्य में एक अलग ऊर्जा दिखाई देती है।
इस सीरीज की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कॉमिक्स कम्युनिटी में इसे आज भी याद किया जाता है। हमने ने भी “त्रिफना” सीरीज को अपने रिव्यू सेक्शन में कवर किया है, जहां पाठक इसके बारे में और विस्तार से जान सकते हैं। आप काॅमिक्स बाइट पर जाकर “Nagraj Trifna Review” सर्च करके इस पर उनकी राय पढ़ सकते हैं।
अंत में, यह कहना गलत नहीं होगा कि “त्रिफना” का यह पोस्टर सिर्फ एक प्रचार माध्यम नहीं, बल्कि उस दौर की यादों का हिस्सा है, जब हर नई कॉमिक्स का इंतजार एक उत्सव जैसा होता था। आज भी यह पोस्टर फैंस और कलेक्टर्स के लिए एक नॉस्टैल्जिक खजाने से कम नहीं है, जो राज कॉमिक्स के स्वर्णिम युग की कहानी बयां करता है। आभार – काॅमिक्स बाइट!!
पढें: त्रिफना – नागराज – राज कॉमिक्स समीक्षा (Trifana – Nagraj – Raj Comics Review)




