चंदामामा: एक पत्रिका नहीं, एक पीढ़ी की पहचान। (Chandamama: More than a magazine, a generational legacy.)
![]()
चंदामामा अगस्त 1994: एक ही पत्रिका में पूरा भारत, पूरी दुनिया और पूरी कल्पना। (Chandamama August 1994: All India, All World And All The Imagination In One Magazine.)

वर्ष 1994, माह अगस्त और उस दौर में चंदामामा (Chandamama) का अपनी मेज पर होना किसी भी बच्चे के लिए ख़जाने से कमतर तो नहीं था। सबसे पहले तो इस बाल पत्रिका का आवरण ही लाजवाब होता था, आर्टिस्ट वापा जी, चित्रा जी, आचार्य जी और शंकर जी जैसे चित्रकारों की यह अद्भुत टोली हर अंक में अपनी कार्य कुशलता से आपका मन मोह लेती थी। अंदर के पृष्ठों पर सामाग्री भी रोचक, तार्किक और मनोरंजन से पूर्ण रहती थी।
पढ़े: आर्टिस्ट चित्रा (चंदामामा): कॉमिक्स बाइट आर्काइव्ज

आज के समय के अनुसार कहें तो ‘चंदामामा’ की मासिक बाल पत्रिका ‘काल्पनिकता और वास्तविकता’ का एक कंप्लीट पैकेज था, जो बच्चों के साथ-साथ बड़ो को भी लुभाता था। लेकिन चंदामामा में सिर्फ कहानियों का संग्रह नहीं था, बल्कि उस दौर का एक जीवंत आईना भी था जहाँ भारत का सांस्कृतिक अतीत, उभरता हुआ आधुनिक समाज और बच्चों की असीम कल्पना एक ही छत के नीचे साथ-साथ साँस लेते थे।
चंदामामा अगस्त 1994 (Chandamama August 1994)
इस अंक की शुरुआत ही उस समय के सामाजिक मनोविज्ञान को छूती है। “सहयोग और स्पर्धा” शीर्षक संपादकीय उस बदलते भारत की चिंता व्यक्त करता है, जहाँ शिक्षा धीरे-धीरे ज्ञान से हटकर अंकों की दौड़ बनती जा रही थी (जो आज भी कायम है…!)। यह लेख केवल बच्चों के लिए नहीं, बल्कि अभिभावकों और समाज के लिए भी एक चेतावनी जैसा था कि कहीं हम अपने ही बच्चों को “मानव” से “मशीन” न बना दें और तो सत्य जैसा प्रतीत भी होता हैं।

इसी के साथ, अंतरराष्ट्रीय पटल पर नज़र डालते हुए पत्रिका ने इज़राइल के येतझ़ाक रबिन और पीएलओ के यासेर अराफ़त बीच हुए ऐतिहासिक शांति प्रयासों को भी विस्तार से प्रस्तुत किया, जिससे यह साफ होता है कि चंदामामा केवल कल्पना तक सीमित नहीं थी, बल्कि अपने पाठकों को दुनिया से भी जोड़ती थी। यकीन नहीं होता गाजापट्टी में फिलिस्तीन और इजरायल का युद्ध आज भी जारी है जो भविष्य में भी कभी थमने का नाम ले। ताजा-ताजा तो इजरायल, अमेरिका और ईरान का युद्ध जो विगत एक माह से जारी है।
चंदामामा की कहानियाँ ( Chandamama Stories)
पर इस पत्रिका की आत्मा उसकी कहानियों में बसती थी। इस अंक में लोककथाओं, नैतिक कथाओं और कल्पनात्मक संसार का ऐसा संगम देखने को मिलता है, जो आज दुर्लभ है। “अहंकारी और मूर्ख” जैसी कहानी में एक राजकुमार के अहंकार को तोड़ने के लिए रची गई योजना केवल मनोरंजन नहीं करती, बल्कि भीतर झाँकने को मजबूर करती है। वहीं विक्रम-बेताल (पाठकों की पसंदीदा) की कथा में जहाँ एक राजकुमार जादुई रत्न के बावजूद प्रेम में नैतिकता को चुनता है, उस परंपरा को आगे बढ़ाती है जिसने पीढ़ियों को सही और गलत के बीच फर्क सिखाया।
पढ़े: बाल पत्रिका – लोटपोट (Children’s Magazine – Lotpot)

इसी के समानांतर, “मेहमान चोर” और “पति-पत्नी” जैसी कहानियाँ घरेलू जीवन की सरल, लेकिन गहरी सच्चाइयों को हल्के-फुल्के अंदाज़ में सामने लाती हैं, जबकि “पिटाई” जैसी लोककथा अपने जादुई तत्वों के माध्यम से यह स्थापित करती है कि ईमानदारी और धैर्य अंततः अपना फल देते हैं। “इच्छा की पूर्ति” में एक राजा का अपने पिता की गलतियों को सुधारने का प्रयास उस भावनात्मक गहराई को छूता है, जो चंदामामा की कहानियों को केवल बच्चों तक सीमित नहीं रहने देता।
बैताल कथा जैसी धारावाहिक कहानीयाँ (Vikram-Betal Serial Stories)
इन स्वतंत्र कहानियों के बीच, पत्रिका अपने पाठकों को लंबे कथानकों में भी बाँधकर रखती थी। “कीर्तिसिंह” जैसी ऐतिहासिक श्रृंखला राजनीति, रहस्य और विरासत के ताने-बाने में उलझी हुई थी, जहाँ हर नया भाग कहानी को और गहरा बना देता था। वहीं “महाभारत” की ‘ययाति कथा’ न केवल पौराणिक घटनाओं को पुनर्जीवित करती है, बल्कि उनके भीतर छिपे मानवीय संघर्षों जैसे ईर्ष्या, प्रेम और सत्ता के लालच को भी उजागर करती है।

इस सबके बीच, पत्रिका पाठकों को केवल कहानियों तक सीमित नहीं रखती। “नारियल का पेड़” जैसे लेख पौराणिक मान्यताओं और दैनिक जीवन के बीच पुल बनाते हैं, जबकि “पवित्र बाइबिल” का परिचय यह दर्शाता है कि पत्रिका धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता को भी उतनी ही गंभीरता से लेती थी। “प्रकृति-रूप अनेक” जैसे खंडों में विज्ञान को सरल, रोचक और जिज्ञासा जगाने वाले रूप में प्रस्तुत किया गया, जहाँ उड़ने वाली लोमड़ियाँ (फ्लाइंग फॉक्स), जहरीले मशरूम और सूर्य के भविष्य जैसे विषय बच्चों की समझ के दायरे में लाए गए।

और फिर आते हैं वे छोटे-छोटे “चन्दामामा की खबरें” जहाँ दुनिया भर की विचित्र, रोचक और प्रेरणादायक घटनाएँ एक साथ सिमट जाती थीं। यह वह हिस्सा था जो यह एहसास दिलाता था कि दुनिया कितनी बड़ी है, और उसमें जानने के लिए कितना कुछ बाकी है।
चंदामामा: डायमंड काॅमिक्स के विंटेज विज्ञापन। (Chadamama’s Diamond Comics Vintage Advertisements)
लेकिन अगर इस अंक की सबसे दिलचस्प परत को समझना हो, तो वह है इसके विज्ञापन, जो आज नाॅस्टैलजिया का सबसे मजबूत आधार बन चुके हैं। एक पूरा पन्ना डायमंड काॅमिक्स के विज्ञापन (Diamond Comics) का, जिसमें चाचा चौधरी, फैंटम, फौलादी सिंह और राजन-इकबाल जैसे किरदारों की झलक मिलती है, यह दिखाता है कि उस समय का बच्चा केवल एक पत्रिका तक में सीमित नहीं था, वह चंदामाम के साथ अन्य काॅमिक्स के बारें में भी जानकारी प्राप्त कर रहा था। वहीं पार्ले-जी, कैम्पको और बिग च़ीफ (Parle-G, Campco & Big Chief) जैसे ब्रांड्स के विज्ञापन उस दौर के सामाजिक और उपभोक्ता संस्कृति की झलक पेश करते हैं।

यही चंदामामा की असली ताकत थी, उसकी विविधता। एक ही अंक में आपको फंतासी मिलती थी, नैतिकता मिलती थी, इतिहास मिलता था, विज्ञान मिलता था और साथ ही मिलता था उस समय का चर्चित साहित्य।
आज के समय में जब कंटेट सोशल मीडिया पर बिखरा हुआ है, हर चीज़ अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है तब चंदामामा हमें उस युग की याद दिलाता है, जहाँ एक ही पत्रिका अपने आप में सब कुछ समेटे हुए थी।

अगस्त 1994 का यह अंक इसलिए खास नहीं है कि यह पुराना है,
बल्कि इसलिए खास है क्योंकि यह उस दौर का प्रतिनिधित्व करता है,
जब कहानियाँ सिर्फ पढ़ी नहीं जाती थीं… वे हमारी सोच, हमारे संस्कार और हमारी कल्पना को गढ़ती थीं। आभार – काॅमिक्स बाइट!!
पढें: बाल पत्रिकाएँ – नंदन और नन्हे सम्राट (Nandan & Nanhe Samrat)




