नागराज: राज कॉमिक्स के पन्नों से पाठकों के दिलों तक (Nagraj: From the Pages of Raj Comics to Our Hearts)
![]()
नागराज! एक ऐसा भारतीय सुपरहीरो, जिसने कॉमिक्स के पन्नों से निकलकर कई पीढ़ियों की कल्पना, रोमांच और बचपन में अपनी जगह बनाई। (Nagraj! A superhero who stepped out of the pages of Indian comics and became a part of the imagination, memories, and childhood of generations of readers.)

एक दौर था जब राज कॉमिक्स के महानायक “नागराज” (Nagraj) की कॉमिक्स लाखों की संख्या में बिकती थीं। जाहिर है, भारतीय कॉमिक्स पढ़ने वाले किसी भी पाठक का सामना कभी न कभी नागराज से जरूर हुआ होगा। किसी ने उसकी कॉमिक्स पढ़ी होगी, किसी ने दुकान पर रखे उसके रंगीन आवरण को देखकर उसे उठाया होगा और किसी ने शायद सिर्फ कौतूहलवश उसके पन्ने पलटे होंगे। लेकिन कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जिनसे पहली मुलाकात ही उन्हें हमेशा के लिए आपकी यादों का हिस्सा बना देती है।
मेरे लिए नागराज से पहली मुलाकात भी कुछ ऐसी ही थी।
उस आवरण पर स्वर्गीय प्रताप मुल्लिक जी का बनाया हुआ नागराज आज भी यादों में उतना ही जीवंत है। वह शानदार कलाकारी, चेहरे पर आत्मविश्वास, शरीर की गतिशीलता, एक्शन से भरी मुद्रा और रंगों का बेहतरीन संयोजन, सब कुछ मिलकर नागराज को किसी साधारण कॉमिक्स किरदार से कहीं बड़ा बना देता था। उस समय शायद यह समझ नहीं थी कि किसी चित्र को इतना प्रभावशाली क्या बनाता है, लेकिन इतना जरूर पता था कि यह नागराज है और यह किरदार दिल और दिमाग में बस गया है।

Cover Art By Pratap Mullick
यही भारतीय कॉमिक्स की सबसे खूबसूरत बात रही है। कॉमिक्स के पन्नों पर बने किरदार केवल कहानी सुनाने के लिए नहीं होते। वे हमारी कल्पना का हिस्सा बन जाते हैं। हम उनके साथ रोमांच महसूस करते हैं, उनके संघर्षों में खुद को देखते हैं और कई बार वर्षों बाद किसी पुराने आवरण या नाम को देखकर अपने बचपन के किसी कोने में वापस पहुँच जाते हैं।
नागराज भी ऐसी ही एक याद है।
राज कॉमिक्स ने नागराज को सिर्फ एक सुपरहीरो के रूप में प्रस्तुत नहीं किया, बल्कि उसके आसपास एक ऐसी दुनिया बनाई जिसमें रोमांच, रहस्य, अपराध, विज्ञान, कल्पना और भारतीय परिवेश का अपना अलग रंग दिखाई देता था। नागराज की सबसे बड़ी पहचान उसकी शक्तियाँ जरूर थीं, लेकिन उसके व्यक्तित्व ने उसे पाठकों के बीच लंबे समय तक लोकप्रिय बनाए रखा।
उसकी पहचान केवल एक ऐसे सुपरहीरो की नहीं रही जो अपराधियों से लड़ता है। वह उन भारतीय कॉमिक्स नायकों में शामिल हो गया जिनकी अपनी अलग दुनिया, अपना वेश और एक विशिष्ट पहचान थी। यही वजह है कि नागराज का नाम आज भी भारतीय सुपरहीरो कॉमिक्स की चर्चा में सबसे पहले लिए जाने वाले नामों में शामिल है।
5 अक्टूबर और नागराज जन्मोत्सव
5 अक्टूबर का दिन नागराज के प्रशंसकों के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि राज कॉमिक्स इसी दिन नागराज का जन्मोत्सव मनाता आ रहा है। हर साल यह तारीख पुराने पाठकों के लिए सिर्फ एक जन्मदिन नहीं, बल्कि उस दौर की यादों को फिर से जीने का बहाना बन जाती है जब कॉमिक्स की दुकान, किराए पर मिलने वाली कॉमिक्स और नया अंक हाथ में आने की खुशी अपने आप में एक रोमांच हुआ करती थी।
आज सुपरहीरो की दुनिया बहुत बड़ी हो चुकी है। फिल्मों, वेब सीरीज, वीडियो गेम और डिजिटल माध्यमों ने इन किरदारों को दुनिया के हर कोने तक पहुँचा दिया है। लेकिन भारतीय कॉमिक्स के पाठकों के लिए नागराज की जगह कुछ अलग है। वह उस समय का सुपरहीरो है जब हमारी कल्पना को बड़े पर्दे की जरूरत नहीं थी। कुछ रंगीन पन्ने, एक शानदार आवरण और एक रोमांचक कहानी ही किसी किरदार को हमारे लिए वास्तविक बना देने के लिए काफी थी।
और शायद यही वजह है कि वर्षों बाद भी नागराज को देखकर मन में वही उत्साह जाग जाता है।

एक पीढ़ी ने उसे कॉमिक्स के पन्नों पर खोजा, अगली पीढ़ी उसे अलग माध्यमों से जान रही है, लेकिन किरदार की पहचान आज भी कायम है। यही किसी लोकप्रिय कॉमिक्स चरित्र की असली ताकत होती है वह अपने समय से आगे निकलकर स्मृति का हिस्सा बन जाए।
नागराज का जन्मदिन इसलिए केवल नागराज को शुभकामनाएँ देने का दिन नहीं है। यह भारतीय कॉमिक्स की उस विरासत को याद करने का भी अवसर है, जिसने लाखों पाठकों को पढ़ने, कल्पना करने और अपनी खुद की सुपरहीरो दुनिया बनाने का मौका दिया।
नागराज के साथ जुड़ी मेरी पहली याद एक शानदार आवरण से शुरू हुई थी। शायद हर पुराने पाठक की ऐसी ही कोई कहानी होगी। किसी के पास नागराज की पहली खरीदी हुई कॉमिक्स होगी, किसी के पास किराए पर पढ़ी हुई कोई कहानी, किसी को कोई खास आवरण याद होगा और किसी को वह दुकान जहाँ से उसने पहली बार नागराज की कॉमिक्स उठाई थी।
क्योंकि कॉमिक्स सिर्फ कागज और स्याही नहीं होतीं और कुछ सुपरहीरो सिर्फ कॉमिक्स के पृष्ठों पर नहीं रहते। वे अपनी कहानियों और चित्रों के माध्यम से हमारे चरित्र, हमारी कल्पना और हमारी स्मृतियों में रच-बस जाते हैं।
नागराज उन्हीं किरदारों में से एक है। ❤
जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, नागराज! 🎂
बच्चों का मसीहा और अपराधियों का काल। 👊
अब आपकी बारी है! क्या आपने नागराज की कोई कॉमिक्स पढ़ी है? नागराज से जुड़ी आपकी पहली याद क्या है? उसकी कौन-सी कॉमिक्स, कहानी या आवरण आज भी आपको याद है? नागराज के जन्मदिन के अवसर पर अपनी यादें हमारे साथ जरूर साझा कीजिए।
टेन टेन टेणेन!
— मैनाक (कॉमिक्स बाइट)
Nagraj & Super Commando Dhruva Collection of 20 Comics | Starter Pack | Raj Comics




