Comic BookComicsComics Byte FactsGraphic IndiaGraphic NovelsMoviesNews

शोले के 50 साल: रामगढ़ से कॉमिक्स तक का सफर (50 Years of Sholay: From Ramgarh to Graphic Novels)

Loading

दोस्ती, बदला और एक्शन – शोले की कालातीत कहानी। (Friendship, Revenge & Action – The Timeless Tale of Sholay)

1975 में रिलीज़ हुई “शोले” (Sholay) भारतीय सिनेमा का ऐसा मील का पत्थर है, जिसे भुलाना नामुमकिन है। 2025 में इस फिल्म ने अपने सुनहरे 50 साल पूरे कर लिए हैं, और इसका जादू आज भी वैसा ही बरकरार है। रामगढ़ की गलियों से गूंजती घोड़ों की टाप, गब्बर सिंह की दहशत, जय-वीरू की दोस्ती, बसंती की चुलबुली अदाएं और ठाकुर का बदला – ये सब आज भी दर्शकों के दिल में उतनी ही गहराई से बसते हैं।

Sholay - Movie Poster
Sholay – Movie Poster

कहानी का सार

जैसा की सभी पाठक और दर्शक जानते ही होंगे कि ‘शोले’ की कहानी रामगढ़ गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां डाकू गब्बर सिंह का आतंक फैला हुआ है। गांव के पूर्व पुलिस अधिकारी ठाकुर बलदेव सिंह अपने परिवार पर हुए अत्याचार और व्यक्तिगत नुकसान का बदला लेने के लिए दो पुराने कैदियों – “जय और वीरू”, को रामगढ़ बुलाते हैं। जय (अमिताभ बच्चन) और वीरू (धर्मेंद्र) दोनों शरारती मगर दिल के अच्छे इंसान हैं और उन्होंने एक बार बलदेव सिंह की इन डकैतों से निपटने में मदद भी की थीं। इस मिशन में वीरू का रोमांस बसंती (हेमा मालिनी, जो धन्नों घोड़ी को साथ लेकर अपना ‘तांगा’ चलाती है) से और जय का लव एंगल राधा (जया भादुरी, ठाकुर की बहु जो अपने पति को खो चुकी है) से कहानी को भावनाओं का रंग देता है। इसके अलावा भी दर्जन भर किरदार है जो अपने एक-एक संवाद के कारण आपको याद रह जाते हैं। रामलाल, जेलर और सूरमा भोपाली को भला कौन भूल सकता है!

SHOLAY - THE GRAPHIC NOVEL
SHOLAY – THE GRAPHIC NOVEL

डाकुओं के दौर से प्रेरणा

1970 के दशक में भारतीय सिनेमा में डाकू-थीम वाली कहानियां बेहद लोकप्रिय थीं, और शोले ने इस जॉनर को एक नई ऊंचाई दी। गब्बर सिंह का किरदार भारतीय सिनेमा का सबसे यादगार विलेन बना, और आज भी उसकी डायलॉग डिलीवरी पॉप कल्चर का हिस्सा है। कितने आदमी थे!, अरे ओ सांभा, बसंती इन कुत्तों के सामने मत नाचना, ‘तुम्हारा नाम क्या है बसंती’ और पता नहीं ऐसे सैंकड़ो उदाहरण आज भी सोशल मीडिया में गाहे-बगाहे दिखाई पड़ जाते है। उसी दौर में इंद्रजाल कॉमिक्स में ‘बहादुर’ नामक पात्र भी अक्सर डाकुओं से भिड़ता दिखाई पड़ता था जिसे लेखक आबिद सुरती और आर्टिस्ट गोविन्द ब्रह्मनिया जी ने भारतीय पाठकों तक पहुँचाया, बड़ा ही कमाल का दशक रहा होगा 1970 का।

निर्माण और लेखक

फिल्म के लेखक थे सलीम-जावेद, निर्माता जी.पी. सिप्पी, संगीतकार आर.डी. बर्मन और निर्देशक रमेश सिप्पी। इस टीम ने मिलकर ऐसी एंटरटेनर फिल्म बनाई, जो 50 साल बाद भी दर्शकों को बांधे रखती है। इतिहास देखे तो पहले ही हफ़्ते में फिल्म को फ्लॉप करार दे दिया गया था पर दर्शकों ने उसके बाद शायद सिनेमाहाल को किसी उत्सव में बदल दिया, ब्लॉकबस्टर, सुपर-डुपर बंपर हिट जैसे शब्द ‘शोले’ फिल्म के पूरा न्याय करते है। “ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे” आज भी उतना ही चर्चा में जितना पहले था, लीजेंड किशोर कुमार और मन्ना डे की अद्भुद जुगलबंदी आपको हंसाती भी है और रुलाती भी! कम शब्दों में सिनेमाजगत का एक सुनहरा अध्याय है शोले।

Sholay - Graphic India
Sholay – Graphic India

कॉमिक्स कनेक्शन – शोले का ग्राफिक नोवल

सिनेमा से आगे बढ़ते हुए शोले की लोकप्रियता ने कॉमिक्स जगत में भी कदम रखा। ग्राफ़िक इंडिया पब्लिकेशन ने इस फिल्म पर आधारित ग्राफिक नॉवल प्रकाशित किए थे जिनमें – “शोले: द ग्राफ़िक नॉवेल और शोले: गब्बर” शामिल थीं। यह इंग्लिश भाषा में पेपरबैक एडिशन में आई थी और फिल्म के प्रतिष्ठित पात्रों व कहानी को कॉमिक फॉर्मेट में पेश करती थी। हालांकि अब यह मार्केट में दुर्लभ है, लेकिन ऑनलाइन/ऑफलाइन स्टोर्स में खोजने पर मिल सकती है। कॉमिक्स जगत के सर्व्वोतम कॉमिक बुक आर्टिस्टों में से एक श्री एडिसन जॉर्ज (मनु) का आर्ट भी इसमें देखने को मिलता है।

Sholay - Gabbar
Sholay – Gabbar

यह भारतीय फिल्मों पर आधारित कॉमिक्स का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जो फिल्मों और ग्राफिक स्टोरीटेलिंग के संगम को दर्शाता है। जो आजकल फिल्म बनने से पहले होता है जिसे स्टोरी बोर्डिंग भी कहते है, हालाँकि उनमें डायलॉग या ज्यादा डिटेलिंग नहीं होती बस एक प्रवाह को दर्शाया जाता है जिसे टीम उस समायोजन को अच्छे से समझ सके।

शोले की विरासत

आज 50 साल बाद भी शोले सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक अनुभव है – दोस्ती, बदला, हास्य और भावनाओं का अद्वितीय संगम। इसकी कहानी, पात्र और डायलॉग आने वाली पीढ़ियों तक सुनाए जाते रहेंगे। शोले का 50 साल का यह सफर भारतीय सिनेमा के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है। चाहे आप फिल्म प्रेमी हों या कॉमिक्स कलेक्टर, शोले जैसी ग्राफिक नोवल इस क्लासिक को एक नए अंदाज में जीने का मौका देती है। आभार – कॉमिक्स बाइट!!

पढ़े: Esquire’s Top 25 Superhero Movies: Classics, Controversies & What Comic Book Readers Think!

Sholay – Bollywood Hindi Movie Poster – Large

Sholay - Bollywood Hindi Movie Poster
Sholay – Bollywood Hindi Movie Poster
Manoj Chitra Katha | Ram-Rahim | Crookbond | Vintage Comics | Comics Byte Reviews

Comics Byte

A passionate comics lover and an avid reader, I wanted to contribute as much as I can in this industry. Hence doing my little bit here. Cheers!

error: Content is protected !!