स्मृतियों के पन्नों में गजानन रैना भैया: साहित्य, अध्यात्म और स्नेह का एक अध्याय समाप्त (In Loving Memory of Gajanan Raina: An Era of Literature, Spirituality, and Affection Comes to an End)
![]()
हिंदी साहित्य ने आज अपना एक अनमोल रत्न खो दिया। आदरणीय गजानन रैना भैया की स्मृतियों, उनके अप्रतिम ज्ञान और बेबाक लेखनी को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि। (Hindi literature lost a gem today. A heartfelt tribute to Gajanan Raina Bhaiya, remembering his boundless knowledge, impactful words, and profound affection.)

आज मन बहुत भारी है और शब्द जैसे साथ छोड़ रहे हैं। अभी-अभी यह अत्यंत दुःखद समाचार मिला कि आदरणीय गजानन रैना भैया गोलोकवासी हो गए हैं।
आज जब सोशल मीडिया की तरफ देखा, तो पूरा फेसबुक सिर्फ उनकी श्रद्धांजलि और शोक संदेशों से भरा हुआ है। सच कहूँ तो यही उनकी असली कमाई थी। उन्होंने जीवन भर शब्दों, ज्ञान और अपने व्यवहार से जो प्रेम, स्नेह और सम्मान कमाया, वह आज हर उस व्यक्ति की आँखों में छलक रहा है, जिसने उन्हें पढ़ा या जाना है। साहित्य जगत को आज जो हानि हुई है, उसकी भरपाई शायद ही कभी हो सके।
उनसे मेरा पहला परिचय वर्ष 2018 के आस-पास फेसबुक के माध्यम से ही हुआ था। शुरुआत में, उनके ज्ञान और लेखनी के प्रति आदरवश मैं उन्हें ‘सर’ कहकर संबोधित किया करता था। एक दिन उन्होंने मुझे बड़े ही अपनेपन से टोकते हुए कहा, “अरे अनुज! मैं तुम्हारे बड़े भाई जैसा हूँ, मुझे सर नहीं, भैया ही कहा करो।” उसी दौरान उन्होंने अपना नंबर भी मुझसे साझा किया था। वो सिर्फ एक बेहतरीन लेखक नहीं थे, बल्कि मेरे लिए एक बड़े भाई भी थे।
गजानन भैया का व्यक्तित्व बहुत विशाल और बहुआयामी था। साहित्य में तो उनका ज्ञान अथाह था ही, साथ ही वे ओशो (आचार्य रजनीश) के भी बड़े भक्त थे। उनके विचारों में ओशो का वह दर्शन और वैचारिक गहराई स्पष्ट झलकती थी। इसके अलावा, ज्योतिष शास्त्र पर भी उनकी बहुत गहरी और सटीक पकड़ थी। वे बहुत कर्मकांडी स्वभाव के थे और नित्य पूजा-पाठ में उनका गहरा विश्वास था। साहित्य, ज्योतिष और अध्यात्म का ऐसा अद्भुत संगम विरले ही देखने को मिलता है। सही मायनों में उनका ज्ञान अप्रतिम और असीमित था।
किताबों और शब्दों के प्रति उनका प्रेम कितना निश्छल और गहरा था, यह उनके ही लिखे इन भावपूर्ण शब्दों में झलकता है:
“इस भीड़ भाड़ के बीच मैं सकपकाया सा खड़ा था, एक छोटा सा, मासूम सपना लिये। पढाई पूरी होने के बाद किसी पत्र, पत्रिका, प्रकाशन गृह में काम मिल जाये। जहाँ दिन भर पढने पढाने की, लेखन और लेखकों की बातें हों। मेरे लिये किताबों की दुनिया ऐसी ही थी/है, जैसी किसी चटोरे बच्चे के लिये कांफेक्शनरी की दुकान। ‘शब्द मेरे लिये महज शब्द नहीं, मेरे प्राण हैं।'”
उनका यही सपना और शब्दों के प्रति यह समर्पण ही उन्हें एक असाधारण रचनाकार बनाता था।
मेरी वर्तनी और भाषा-शैली को लेकर अक्सर उनसे चर्चाएँ होती थीं। उनका अवलोकन और उनकी भाषाई शैली, क्या हिंदी और क्या अंग्रेज़ी दोनों ही बेमिसाल थीं। उनकी लेखनी की मुखरता और हर विषय पर उनकी बेबाक राय का मैं मुरीद था। मैं कई बार उनसे ज़ोर देकर कहता था कि भैया, आपके इन विचारों और मुखर लेखों की एक किताब “रैना उवाच” के नाम से ज़रूर आनी चाहिए।
मैंने कई बार ‘कॉमिक्स बाइट’ पर उनके कुछ लेखों को प्रकाशित करने की इच्छा जताई, तो उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के बड़ी सहजता से कहा था की “अनुज, मुझसे पूछा मत करो, सीधे प्रकाशित कर दिया करो।” लेकिन यह मेरा दुर्भाग्य ही रहा कि मैं कभी वह कर न सका। रोज़मर्रा की भागदौड़ में यह सोचता रहा कि कभी फुरसत से उनके लेख लगाऊँगा, पर समय ने वो फुरसत कभी दी ही नहीं।
मन में एक गहरी टीस हमेशा रहेगी कि उनसे कभी आमने-सामने मुलाकात न हो सकी, और अब यह मुमकिन भी नहीं है। उनका जाना हिंदी साहित्य जगत के लिए एक बड़ा शून्य है, और उनके फेसबुक परिवार के लिए एक बहुत गहरी व्यक्तिगत क्षति।
गजानन भैया, आप बहुत याद आएंगे। भगवान श्री हरि विष्णु आपको अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति। 💐🙏🏻
(भैया की ही एक अद्भुत रचना, जिसे पढ़कर उनकी लेखनी की गहराई का अहसास होता है…)
जी क्या पूछा आपने ?
क्या है मेरी सबसे बड़ी ख्वाहिश ?
मेरी ख्वाहिश है लिखना एक कहानी!
कहानी अंधेरे की और दीप की!
कहानी सांप की और सीप की!
कहानी दिन की और रात की!
कहानी यादों की और बरसात की!
कहानी ढ़लती हुई एक शाम की!
कहानी किसी भूले-बिसरे नाम की!
कहानी
एक जागी जागी रात की,
कहानी
एक सोई सोई भोर की
कहानी बंजारे चाँद की,
कहानी
एक आशिकदिल चोर की
कहानी एक ठंडी धूप की
कहानी एक तपती छाँव की
कहानी एक उजड़े शहर की
कहानी एक अनबसे गाँव की
कहानी बैठे की, कहानी ठाले की !
कहानी एक अकेले लड़ने वाले की !
(रैना उवाच)
💐🙏🏻


