रामायण की विशेष कॉमिक बुक: अमर चित्र कथा के साथ एक अनूठी पहल
![]()
भारतीय सिनेमा में कुछ कहानियां केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक स्मृतियों, परंपराओं और पीढ़ियों से चले आ रहे विश्वास का हिस्सा होती हैं। रामायण भी ऐसी ही एक अमर गाथा है। अब इसी महाकाव्य को एक भव्य सिनेमाई स्वरूप में प्रस्तुत करने वाली रामायणना: पार्ट 1(Ramayana: Rise Of A Legend) सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है।

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान जी की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा अरुण गोविल दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और विवेक ओबेरॉय विद्युतजिह्वा के किरदार में नजर आ रहे हैं।
यह निश्चित रूप से भारतीय सिनेमा के बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक है। फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोगों को इसका भव्य सिनेमाई स्वरूप पसंद आ रहा है, तो कुछ दर्शकों को संगीत और कहानी की प्रस्तुति से शिकायतें हैं। हालांकि, हम यहां फिल्म की समीक्षा करने नहीं बैठे हैं। वह चर्चा किसी और दिन करेंगे।
आज बात होगी रामायण से जुड़ी एक ऐसी पहल की, जिसने खासतौर पर कॉमिक्स प्रेमियों का ध्यान खींचा है। जी हां, रामायण की फिल्म के साथ एक विशेष कॉमिक बुक भी सामने आई है, जिसे अमर चित्र कथा (Amar Chitra Katha) के सहयोग से तैयार किया गया है।
सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में रामायण का वैश्विक परिचय
जुलाई 2026 में अमेरिका के सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में रामायण की टीम ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। भारतीय सिनेमा के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर था, क्योंकि दुनिया के सबसे चर्चित पॉप-संस्कृति आयोजनों में से एक पर भारतीय महाकाव्य को इतने बड़े स्तर पर प्रस्तुत किया जा रहा था।

इस आयोजन में निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और फिल्म के प्रमुख कलाकार रणबीर कपूर तथा यश भी शामिल हुए। यहां फिल्म की दुनिया, इसके किरदारों और निर्माण से जुड़ी झलकियां अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने रखी गईं।
कॉमिक-कॉन का मंच अपने आप में खास है। यहां कॉमिक बुक संग्रहकर्ता, सुपरहीरो प्रशंसक, फिल्म प्रेमी, एनीमेशन और गेमिंग के शौकीन एक साथ आते हैं। मार्वल और डीसी जैसे बड़े नामों से लेकर स्वतंत्र कॉमिक प्रकाशकों तक, सभी के लिए यह मंच अपनी रचनात्मक दुनिया को सामने रखने का अवसर देता है।
ऐसे आयोजन में रामायण की प्रस्तुति केवल एक फिल्म का प्रचार नहीं थी। यह भारतीय पौराणिक कथाओं को वैश्विक पॉप-संस्कृति के साथ जोड़ने की कोशिश भी थी।
लेकिन इस पूरे आयोजन में कॉमिक्स प्रेमियों के लिए सबसे दिलचस्प चीज कुछ और थी।
रामायण की विशेष कॉमिक बुक और अमर चित्र कथा का सहयोग
रामायण के प्रचार अभियान के दौरान एक विशेष कॉमिक बुक भी लॉन्च की गई। इसकी झलक सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के साथ-साथ दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में भी देखने को मिली।

इस कॉमिक बुक के पिछले आवरण पर अमर चित्र कथा का लोगो भी मौजूद है, जो इस पहल में उनकी भागीदारी को खास बनाता है।
यह बात अपने आप में दिलचस्प है। एक तरफ भारतीय सिनेमा का एक बड़ा प्रोजेक्ट है, तो दूसरी तरफ भारतीय कॉमिक्स की सबसे पहचानी जाने वाली विरासतों में से एक अमर चित्र कथा। दोनों का एक साथ आना कॉमिक्स और फिल्मों के बीच एक खूबसूरत रचनात्मक जुड़ाव प्रस्तुत करता है।
इस पुस्तक की सबसे आकर्षक बात इसका चित्रांकन और प्रस्तुतीकरण है। इसमें फिल्म के किरदारों को कॉमिक बुक के माध्यम से परिचित कराया गया है। भगवान श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर, माता सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश के चित्र विशेष आकर्षण पैदा करते हैं।

इसके अलावा लक्ष्मण, भरत और अन्य महत्वपूर्ण किरदारों की भी झलक देखने को मिलती है।
कॉमिक बुक में केवल कलाकारों के चित्र ही नहीं हैं। इसके शुरुआती हिस्सों में रामायण की दुनिया का परिचय, अयोध्या, लंका, मिथिला, चित्रकूट और पंचवटी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों का मानचित्र, पौराणिक संदर्भ और पात्रों से जुड़ी जानकारी भी प्रस्तुत की गई है।
यही बात इसे सामान्य फिल्मी पोस्टर या प्रचार पुस्तिका से अलग बनाती है।
शानदार चित्रांकन और एक खास संग्रहणीय कॉमिक बुक
इस विशेष संस्करण की कुछ तस्वीरें और पन्नों की झलकियां ऑनलाइन देखने को मिली हैं। एक कॉमिक्स प्रेमी के तौर पर इन्हें देखकर उत्सुकता बढ़ना स्वाभाविक है।
इसका बड़ा आकार, शानदार आवरण और किरदारों का चित्रात्मक परिचय इसे एक आकर्षक संग्रहणीय कॉमिक बुक बनाते हैं।
खास बात यह है कि यहां फिल्म के कलाकारों को उनके किरदारों के साथ एक अलग माध्यम में देखने का अवसर मिलता है। बड़े पर्दे पर रणबीर कपूर को श्रीराम के रूप में देखने और फिर उसी किरदार का कॉमिक बुक चित्रांकन देखना दो अलग अनुभव हैं।
हमारे लिए यह जानना भी दिलचस्प होगा कि इन किरदारों की कल्पना किस तरह की गई, उनके परिधानों और पृष्ठभूमि को चित्रों में कैसे उतारा गया और फिल्म की दुनिया को कॉमिक्स के माध्यम से किस तरह प्रस्तुत किया गया।
कॉमिक्स की खूबसूरती ही यही है। एक चित्र कभी-कभी कहानी के उस हिस्से को भी सामने ला देता है, जिसे समझने के लिए हमें कुछ पल रुककर उसे देखना पड़ता है।
इस पुस्तक के कुछ पन्ने देखने के बाद पूरी कॉमिक बुक पढ़ने की इच्छा होना लाजिमी है।
लेकिन आम कॉमिक्स प्रेमी इस कॉमिक बुक को कैसे हासिल करें?
अब असली सवाल यही है।
यह विशेष कॉमिक बुक सीमित संख्या में तैयार की गई है और इसकी उपलब्धता फिलहाल काफी सीमित नजर आती है। कॉमिक-कॉन और विशेष प्रचार आयोजनों के जरिए सामने आई इस पुस्तक को हासिल करना आम पाठकों के लिए आसान नहीं है।

संग्रहकर्ताओं के बीच इसकी तलाश जारी है। कोलकाता के एक कॉमिक्स संग्रहकर्ता द्वारा साझा की गई तस्वीरों के माध्यम से भी इस कॉमिक बुक के कुछ और विवरण देखने को मिले हैं।
ऐसे संग्रहकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करनी चाहिए, क्योंकि उनकी वजह से कई ऐसी दुर्लभ कॉमिक्स और विशेष संस्करणों की जानकारी दूसरे प्रशंसकों तक पहुंचती है, जिनके बारे में अन्यथा पता भी नहीं चलता।

लेकिन यहां एक विचारणीय बात है।
क्या किसी शानदार कॉमिक बुक का पूरा आनंद केवल कुछ चुनिंदा संग्रहकर्ताओं तक ही सीमित रहना चाहिए?
हम समझते हैं कि कॉमिक-कॉन जैसे आयोजनों के लिए विशेष संस्करण तैयार किए जाते हैं। उनकी सीमित उपलब्धता और विशिष्ट पहचान ही उन्हें संग्रहणीय बनाती है। लेकिन जब किसी कहानी और किरदारों के प्रति दर्शकों की रुचि इतनी व्यापक हो, तो उसे पढ़ने का अवसर भी अधिक से अधिक लोगों को मिलना चाहिए।

रामायण किसी एक वर्ग या उम्र के पाठकों की कहानी नहीं है। इसे बच्चे भी पढ़ते हैं, परिवारों में इसकी कथाएं सुनाई जाती हैं और कॉमिक्स के माध्यम से कई पीढ़ियों ने इसके पात्रों को जाना है।
ऐसे में इस विशेष कॉमिक बुक को आम पाठकों तक पहुंचाने की संभावनाएं जरूर तलाशनी चाहिए।
अमर चित्र कथा और रामायण की टीम से हमारी गुजारिश
हम अमर चित्र कथा और रामायण की पूरी टीम से एक छोटी-सी गुजारिश करना चाहेंगे।
कृपया इस विशेष कॉमिक बुक का एक ऐसा संस्करण भी जारी करने पर विचार कीजिए, जिसे आम पाठक खरीद सकें।

यदि मूल कॉमिक बुक को सीमित संग्रहणीय संस्करण के रूप में ही रखना है, तो उसका एक अलग सामान्य संस्करण भी तैयार किया जा सकता है। इससे मूल संस्करण की विशिष्टता भी बनी रहेगी और दूसरे कॉमिक्स प्रेमियों को भी इस खूबसूरत रचना को पढ़ने का अवसर मिलेगा।
इसकी कीमत, प्रतियों की संख्या और उपलब्धता को लेकर व्यावहारिक निर्णय लिए जा सकते हैं। लेकिन कम से कम इसे केवल आयोजन में मौजूद लोगों तक सीमित रखने के बजाय व्यापक पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध कराने की कोशिश होनी चाहिए।

हमें इस कॉमिक बुक के पन्ने देखने हैं। किरदारों का परिचय पढ़ना है। फिल्म की दुनिया को कलाकारों के चित्रों के माध्यम से समझना है और यह देखना है कि एक आधुनिक सिनेमाई प्रस्तुति को कॉमिक बुक के रूप में किस तरह ढाला गया है।
आखिरकार, कॉमिक्स प्रेमियों के लिए यह सिर्फ एक फिल्मी संग्रहणीय वस्तु नहीं है। यह कला, चित्रांकन, कहानी और भारतीय पौराणिक विरासत का एक दिलचस्प संगम है।
भारतीय सिनेमा और कॉमिक्स का यह जुड़ाव आगे भी जारी रहना चाहिए
रामायण की यह पहल एक बड़ी संभावना की ओर भी इशारा करती है।
भारतीय सिनेमा में ऐसी कई कहानियां हैं, जिनकी अपनी अलग दुनिया, किरदार और पौराणिक या काल्पनिक पृष्ठभूमि है। यदि फिल्मों के साथ कॉमिक बुक्स को भी रचनात्मक रूप से जोड़ा जाए, तो दर्शकों को अपनी पसंदीदा कहानियों से जुड़ने का एक नया माध्यम मिल सकता है।

Ramayana: Rise of a Legend
दुनिया में मार्वल और डीसी ने फिल्मों, कॉमिक्स और दूसरे माध्यमों के बीच एक मजबूत संबंध स्थापित किया है। भारतीय मनोरंजन जगत भी अपनी कहानियों और किरदारों के साथ ऐसी संभावनाएं तलाश सकता है।
और यहां अमर चित्र कथा जैसे प्रकाशक की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। भारतीय पौराणिक कथाओं को कॉमिक्स के माध्यम से लोकप्रिय बनाने का उनका लंबा अनुभव इस तरह की पहलों को एक अलग पहचान दे सकता है।
हम उम्मीद करते हैं कि रामायण की यह विशेष कॉमिक बुक केवल एक सीमित प्रचार संस्करण बनकर न रह जाए, बल्कि अधिक से अधिक पाठकों तक पहुंचे।
फिलहाल, रामायण की पूरी टीम को इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए हमारी ओर से शुभकामनाएं। दीपावली के इस पावन अवसर पर प्रभु श्रीराम का स्मरण करें, उनकी आरती और वंदना करें और अपने परिवार के साथ प्रकाश एवं उल्लास का यह पर्व मनाएं।
और हां, हमारी एक गुजारिश अमर चित्र कथा और रामायण की टीम से जरूर है:
“फिल्म तो सिनेमाघरों में पहुंच गई, अब इस शानदार कॉमिक बुक को भी हमारे हाथों तक पहुंचा दीजिए!“
क्योंकि कॉमिक्स की असली खूबसूरती उसके आवरण को देखकर प्रभावित होने में ही नहीं, बल्कि उसके पन्ने पलटकर पूरी दुनिया को महसूस करने में है। आभार – काॅमिक्स बाइट!!
नोट: संलग्न किए गए इमेजेज़ फिल्म की रील से हैं ना कि रामायण की ग्राफिक नाॅवेल से!
Amar Chitra Katha Mythology Collection ( Set of 73 Titles )




