बाल दिवस विशेष: कॉमिक्स के नायकों से प्रेरित श्याम की कहानी – एक सच्चा हीरो (Children’s Day Special: Shyam’s Story – A Real Hero Inspired by Comics)
![]()
कॉमिक्स सिर्फ मनोरंजन नहीं, जीवन की सीख भी हैं। (Comics that inspire real life heroes.)
श्याम पाँचवीं कक्षा का एक चंचल और समझदार बच्चा था। स्कूल से लौटते समय वह अक्सर अपने बैग में से सुपर कमांडो ध्रुव और चाचा चौधरी की कॉमिक्स निकालकर पढ़ता रहता। ध्रुव की निडरता उसे साहस देती थी और चाचा चौधरी की तेज़ बुद्धि उसके मन में नई तरकीबें जगाती थी।
एक दिन छुट्टी के बाद श्याम स्कूल के मैदान से गुजर रहा था। तभी उसने देखा कि दो बड़े लड़के एक छोटे बच्चे को धक्का देकर उसका बैग खींच रहे हैं।
श्याम को ध्रुव की सीख याद आई:
“डर कर पीछे हटना गलत है। आगे बढ़कर सही काम करना ही असली शक्ति है।”
श्याम का मन थोड़ा घबराया, पर उसने हिम्मत नहीं छोड़ी।
उसे चाचा चौधरी का शांत और बुद्धिमान स्वभाव याद आया और उसने सोचा इनसे सीधा टकराना ठीक नहीं, दिमाग लगाना होगा।
श्याम ने दूर खड़ी गणित की शिक्षिका को देखा और उसे तुरंत ही एक चतुर योजना सूझी। वह ज़ोर से बोला “ शिवानी मैम! मेरा होमवर्क वाली कॉपी कहीं नहीं मिल रही है, क्या आप ज़रा देख सकती हैं? शायद यहीं गिर गई हो!”
शिक्षिका तुरंत उस ओर आ गईं।
दोनों बड़े लड़के उन्हें आते देख घबरा गए और तुरंत वहाँ से दूर भाग गए।
छोटा बच्चा राहत की साँस लेते हुए बोला,
“धन्यवाद भैया… आपने मेरी मदद की।”
श्याम मुस्कुराया और बोला,
“ध्रुव तो बिना किसी विशेष शक्ति के लोगों की सहायता करता है, तो हम क्यों नहीं?”
उस दिन श्याम को साफ़ समझ आ गया की नायक वह नहीं जो उड़ सकता है, नायक वह है जो सही समय पर सही काम करे।
ध्रुव ने उसे साहस दिया,
चाचा चौधरी ने उसे बुद्धि दी,
और इन दोनों के कारण श्याम अपने विद्यालय का एक छोटा, पर सच्चा हीरो बन गया। आभार काॅमिक्स बाइट!!


