राज कॉमिक्स का वो रंगीन दौर: जब एक ही विज्ञापन में मिलते थे नागराज, डोगा, ध्रुव और बांकेलाल! (Raj Comics Vintage Ad: When Nagraj, Doga, Dhruva and Bankelal Ruled the 90s!)
![]()
हमारा वायदा अच्छी कॉमिक्स, आपका वायदा केवल राज कॉमिक्स! 90 के दशक का एक शानदार विंटेज विज्ञापन, जिसमें सुपरहीरो, हॉरर, फैंटेसी और हास्य का अनोखा संगम था। (A colourful journey into the golden era of Raj Comics, featuring superheroes, horror, fantasy, comedy and exciting freebies.)
90 के दशक में राज कॉमिक्स पढ़ने का मज़ा सिर्फ उसकी कहानियों तक सीमित नहीं था। नई कॉमिक्स खरीदने के बाद उसके कवर को निहारना, अंदर की शानदार चित्रकारी देखना और फिर आखिरी पन्नों पर आने वाले विज्ञापनों में अगली कॉमिक्स की तलाश करना भी पढ़ने के अनुभव का एक खास हिस्सा था।

काॅमिक्स बाइट विंटेज विज्ञापन श्रृंखला में आज हम लेकर आए हैं राज कॉमिक्स का एक ऐसा ही रंगीन विंटेज विज्ञापन, जो अपने समय में प्रकाशित हो चुकी कॉमिक्स और आगामी सेट की झलक प्रस्तुत करता है।
विज्ञापन के सबसे ऊपर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है, “हमारा वायदा अच्छी कॉमिक्स। आपका वायदा केवल राज कॉमिक्स।” इसके ठीक नीचे घटिया किस्म की नकल से बचने और अच्छी क्वालिटी की मनोरंजक कॉमिक्स चुनने का संदेश भी दिया गया है। विज्ञापन का मुख्य आकर्षण है बड़े अक्षरों में लिखा हुआ “ONLY RAJ COMICS” और उसके दोनों तरफ मौजूद कॉमिक्स की सूचियां।
पीले, गुलाबी और नीले रंगों से सजा यह विज्ञापन उस दौर की कॉमिक्स मार्केटिंग का एक शानदार नमूना है। खास बात यह है कि इसमें केवल राज कॉमिक्स के लोकप्रिय सुपरहीरो ही नहीं, बल्कि हॉरर, फैंटेसी, सस्पेंस और हास्य से भरपूर कहानियों को भी बराबर जगह दी गई है।
इसी सेट की कॉमिक्स: रोमांच से लेकर हॉरर तक
1. खतरा — गगन और विनाशदूत
इस सेट का एक खास आकर्षण थी 2-in-1 कॉमिक्स खतरा, जिसमें गगन और विनाशदूत की कहानी के साथ एक भयानक मुखौटा मुफ्त देने की पेशकश की गई थी। उस समय कॉमिक्स के साथ मिलने वाले ऐसे उपहार बच्चों के लिए किसी अतिरिक्त खजाने से कम नहीं होते थे।

2. रोबो का प्रतिशोध — सुपर कमांडो ध्रुव
सुपर कमांडो ध्रुव के प्रशंसकों के लिए इस सेट में रोबो का प्रतिशोध शामिल थी। इसके साथ मुफ्त स्टिकर की पेशकश भी की गई थी। ध्रुव की कहानियों में अपराध, विज्ञान, तकनीक और बुद्धिमत्ता का मेल पाठकों को एक अलग तरह का सुपरहीरो अनुभव देता था। क्या प्लास्टो याद है हमारे पाठकों को?
3. सोने की मशाल — गोल्ड हार्ट सीरीज
गोल्ड हार्ट सीरीज की सोने की मशाल भी इस सेट का हिस्सा थी। सुपरहीरो कॉमिक्स के बीच इस तरह की अलग कहानियों की मौजूदगी बताती है कि राज कॉमिक्स अपने पाठकों को विभिन्न प्रकार के रोमांच से जोड़ने की कोशिश कर रही थी।
4. तिलिस्मदेव और मेंढकासुर
तिलिस्मदेव की मौजूदगी इस सेट में फैंटेसी और तिलिस्मी रोमांच का रंग जोड़ती है। जादुई शक्तियों, रहस्यमय दुनिया और असाधारण किरदारों में दिलचस्पी रखने वाले पाठकों के लिए ऐसी कॉमिक्स का अपना अलग आकर्षण था।
5. भूत से बड़ा भूत
इस सेट में एक हॉरर या कहे काॅमेडी कॉमिक्स भूत से बड़ा भूत भी शामिल थी। इसका शीर्षक ही पाठकों की उत्सुकता जगाने के लिए काफी था। कॉमिक्स के प्रति उस दौर के पाठकों की दिलचस्पी को देखते हुए यह विज्ञापन में एक दिलचस्प पेशकश थी।
आगामी सेट की कॉमिक्स: नागराज, डोगा और बांकेलाल का धमाका!
पहले सेट की कॉमिक्स से उत्साहित पाठकों के लिए विज्ञापन के दूसरे हिस्से में आगामी सेट की घोषणा की गई थी। इसमें नागराज और डोगा जैसे लोकप्रिय सुपरहीरो के साथ गोल्ड हार्ट सीरीज, परमाणु और बांकेलाल की कॉमिक्स भी शामिल थीं।
1. बेम बेम बिगेलो — नागराज
आगामी सेट का एक प्रमुख आकर्षण थी नागराज की बेम बेम बिगेलो। विज्ञापन के अनुसार इस कॉमिक्स के साथ नागराज का एक मुफ्त स्टिकर भी मिलने वाला था। नागराज के प्रशंसकों के लिए अपनी पसंदीदा कॉमिक्स के साथ उसका स्टिकर पाना एक अतिरिक्त आकर्षण था।
2. चोर सिपाही — डोगा
डोगा के शुरुआती दौर की कॉमिक्स चोर सिपाही भी इस आगामी सेट में शामिल थी। अपराध की दुनिया, अपराधियों के प्रति डोगा का कठोर रवैया और उसकी एक्शन से भरपूर कहानियां उसे राज कॉमिक्स के दूसरे सुपरहीरो से अलग पहचान देती थीं।
3. कोहराम — गोल्ड हार्ट सीरीज
मौजूदा सेट में सोने की मशाल के बाद आगामी सेट में गोल्ड हार्ट सीरीज की कोहराम का विज्ञापन किया गया था। एक ही विज्ञापन में इस सीरीज की दो अलग कॉमिक्स की मौजूदगी उस दौर में राज कॉमिक्स की विविध प्रकाशन सूची की झलक देती है।
4. दरिंन्दा — परमाणु
परमाणु की दरिन्दा का शीर्षक और उसका आकर्षक कवर किसी थ्रिल हॉरर सस्पेंस कॉमिक्स की याद दिलाता है। राज कॉमिक्स के सुपरहीरो की दुनिया में ऐसी प्रस्तुतियां एक अलग तरह का रोमांच पैदा करती थीं।

5. बांकेलाल और अस्थियुद्ध
जब एक ही सेट में नागराज, डोगा और परमाणु जैसे सुपरहीरो मौजूद हों, तो हास्य सम्राट बांकेलाल भला पीछे कैसे रह सकते थे! बांकेलाल और अस्थियुद्ध आगामी सेट में हास्य और फैंटेसी का तड़का लगाने के लिए तैयार थी। बांकेलाल की उलटी-सीधी योजनाएं और उनसे पैदा होने वाली मजेदार परिस्थितियां उसकी कहानियों की खास पहचान रही हैं।
6. नेकदिल भूत फरेब दिल इंसान
भूत से बड़ा भूत के बाद इस आगामी सेट में नेकदिल भूत फरेब दिल इंसान का विज्ञापन भी दिया गया था। पिछली कॉमिक्स की अगली कड़ी के रूप में यह उन पाठकों के लिए खास थी जो कहानी के आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे थे।
राज कॉमिक्स की असली ताकत थी उसकी विविधता
इस विंटेज विज्ञापन की सबसे दिलचस्प बात है एक ही सेट में अलग-अलग रुचियों वाले पाठकों के लिए कॉमिक्स की मौजूदगी। जहां सुपर कमांडो ध्रुव और नागराज के प्रशंसकों के लिए एक्शन और सुपरहीरो एडवेंचर थे, वहीं डोगा की अपराध केंद्रित दुनिया, तिलिस्मदेव की फैंटेसी, गोल्ड हार्ट सीरीज का रोमांच और बांकेलाल का हास्य भी मौजूद था।
हॉरर के शौकीन पाठकों के लिए भूत से बड़ा भूत और उसकी अगली कड़ी जैसी कॉमिक्स थीं। साथ ही मुफ्त मुखौटे और स्टिकर जैसे उपहार नई कॉमिक्स खरीदने का उत्साह और बढ़ा देते थे।
इस विज्ञापन में केवल आगामी कॉमिक्स की जानकारी नहीं थी। यह उस दौर के प्रकाशकों की एक ऐसी मार्केटिंग शैली भी दिखाता है, जिसमें अगले सेट की प्रतीक्षा को पढ़ने के अनुभव का हिस्सा बना दिया जाता था।
एक रंगीन विज्ञापन, जो आज भी यादें ताजा कर देता है
आज जब नई कॉमिक्स की जानकारी सोशल मीडिया, वेबसाइट और ऑनलाइन स्टोर पर आसानी से उपलब्ध है, तब पुराने कॉमिक्स विज्ञापनों की अपनी अलग अहमियत है। वे उस दौर के प्रकाशन, लोकप्रिय किरदारों, कॉमिक्स की श्रृंखलाओं और मार्केटिंग की दिलचस्प झलक पेश करते हैं।
इस विज्ञापन में राज कॉमिक्स की विविधता के साथ-साथ उस समय के कॉमिक्स बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने का उसका प्रयास भी साफ नजर आता है।
एक ही पन्ने पर इतने सारे किरदार, चमकदार रंग, आगामी सेट की घोषणा और मुफ्त उपहारों की पेशकश और यही वह अनुभव था जिसने 90s के दशक की कॉमिक्स संस्कृति को खास बनाया।
काॅमिक्स बाइट के जरिए हमारा प्रयास ऐसे ही पुराने विज्ञापनों को दोबारा सामने लाना है, जो भारतीय कॉमिक्स के इतिहास और पाठकों की यादों का हिस्सा हैं। आभार – काॅमिक्स बाइट!!
Raj Comics | Back To Raj Comics Super Commando Dhruva Set-1




