Comic BookComicsNagrajRaj ComicsReviews

विराट पर्व: नागग्रंथ श्रृंखला का शानदार विराट समापन। (Virat Parv: The Grand Finale of Naggranth Series)

Loading

विराट पर्व200 पृष्ठों की महागाथा (Virat Parv is a deep, layered saga of the Raj Comics Universe)

Virat Parv - Raj Comics By Sanjay Gupta
Virat Parv – Raj Comics By Sanjay Gupta

विराट पर्व: नाॅट ए रिव्यू

जब से विराट पर्व पढ़ी है, तब से मन में लगातार यह भावना बनी हुई है कि इस पर कुछ लिखा जाए। यह कोई रिव्यू नहीं है, क्योंकि रिव्यू किसी प्रोडक्ट का होता है और विराट पर्व प्रोडक्ट नहीं है। यह राज कॉमिक्स के साथ बिताए गए वर्षों का एक भावनात्मक परिणाम है।

यह लेख उस पाठक की आवाज़ है जिसने नागराज को केवल एक सुपरहीरो नहीं, बल्कि एक विचार के रूप में पढ़ा है।

 Virat Parv - Raj Comics By Sanjay Gupta
Virat Parv – Raj Comics By Sanjay Gupta

लेखन और आर्टवर्क: राज कॉमिक्स का क्लासिक डीएनए

सबसे पहले बात करें लेखन की। विराट पर्व बेहद सधे हुए और परिपक्व लेखन का उदाहरण है। कहानी कहीं भी जल्दबाज़ी में नहीं भागती। हर सीन को सांस लेने की जगह दी गई है। संवाद ज़रूरत भर के हैं, लेकिन प्रभावशाली हैं।

आर्टवर्क बिल्कुल आला दर्जे का है। यह सिर्फ सुंदर नहीं है, बल्कि कथानक को आगे बढ़ाने वाला आर्ट है। फुल-स्प्रेड पेज, पैनल कंपोज़िशन, किरदारों के एक्सप्रेशन्स, सब कुछ मिलकर यह एहसास कराते हैं कि यह एक “विराट” कॉमिक्स है, नाम के अनुरूप।

200 पृष्ठ और नॉस्टैल्जिया जो भारी पड़ता है

आज के दौर में 200 पृष्ठों की कॉमिक अपने आप में एक साहसिक निर्णय है। विराट पर्व पूरी तरह क्लासिक राज कॉमिक्स ट्रीटमेंट को फॉलो करती है ना कि जल्दी निपटाने वाली आजकल 28 पृष्ठों वाली ग्राफिक नॉवेल स्टाइल काॅमिक्स।

पुराने किरदारों की एंट्री, उनका सम्मानजनक परिचय और उनकी भूमिका, यह सब पढ़ते हुए ऐसा लगता है जैसे आप सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि राज कॉमिक्स का इतिहास पढ़ रहे हों।

नरक-नाशक नागराज का यूनिवर्स: सबसे जटिल टाइमलाइन

यह कॉमिक नरक-नाशक नागराज के यूनिवर्स में घटित होती है। यह वही यूनिवर्स है जहाँ समय एक सीधी रेखा नहीं है।

पुराने पाठकों को याद होगा कि

  • विश्वरक्षक नागराज
  • नरकनाशक नागराज
  • आतंकहर्ता नागराज

तीनों अलग-अलग समयधाराओं में चलते हैं और एक बार एक-दूसरे से टकराते भी हैं (क्षतिपूर्ति के बाद)। विराट पर्व इसी जटिल कॉन्सेप्ट को और आगे बढ़ाती है। यहाँ वही किरदार हैं, लेकिन उनके नाम, भूमिकाएँ और नैतिक स्थिति थोड़ी बदली हुई है। यह बदलाव जानबूझकर किया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह एक अलग समयधारा है।

 Virat Parv - Raj Comics By Sanjay Gupta
Virat Parv – Raj Comics By Sanjay Gupta

नागग्रंथ श्रृंखला का अंतिम अध्याय: एक भारी जिम्मेदारी

विराट पर्व नागग्रंथ श्रृंखला का अंतिम भाग है। इससे पहले यह श्रृंखला धीरे-धीरे अपने संसार का विस्तार कर चुकी थी। इस अंतिम भाग पर दोहरी जिम्मेदारी थी—

  1. पिछली कहानियों को न्याय देना
  2. भविष्य के लिए रास्ता छोड़ना

यह कॉमिक्स दोनों काम करती है।

इस चित्रकथा में कई नायक, कई मोर्चे और ग्रे शेड कैरेक्टर्स हैं, क्योंकि यह कहानी सिर्फ हीरोज़ की नहीं है। जहां निर्णय प्रेम, उन्माद, क्षल, क्रोध में लिए जा रहे है, जिनके फैसले सही भी लगते हैं और गलत भी।

 Virat Parv - Raj Comics By Sanjay Gupta
Virat Parv – Raj Comics By Sanjay Gupta

सुपर कमांडो ध्रुव, डोगा, क्रोधकेतु कोबी, परमाणु, तिरंगा, शक्ति, गगन और विनाशदूत, सभी अलग-अलग मोर्चों पर लड़ रहे हैं। कहीं भी ऐसा नहीं लगता कि किसी को जबरदस्ती ठूंसा गया हो। भोकाल को भी पर्याप्त पृष्ठ दिए गए हैं, डोगा अपने रॉ और बेरहम अंदाज़ में है, ध्रुव रणनीति में, और बाकी नायक अपने-अपने युद्धों में उलझे हुए हैं।

ओरिजिन, दर्द और वर्तमान समाज का प्रतिबिंब

अमानुष का इतिहास, एंथोनी का बैकग्राउंड और योद्धा की उत्पत्ति! यह सब कहानी को गहराई देता है, शक्ति का ओरिजिन बहुत ज़्यादा विस्तार में नहीं है, लेकिन जितना दिखाया गया है, वह प्रभावी है। कहानी वर्तमान समय के अपराधों, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार और सिस्टम की विफलता को भी छूती है। कई जगह नागराज भी असहाय नज़र आता है और यही बात उसे सिर्फ सुपरहीरो नहीं, बल्कि एक त्रासद नायक बनाती है। बाकि अधूरा प्रेम तो उसकी नियति बन चुका है।

महायुद्ध: जहाँ हर पन्ने पर आग है

मैडूसा, यक्ष-राक्षस, अनूबिस, तौसी, ड्रैकुला, कालदूत, अंतहीन, यह सब मिलकर कहानी को एक महायुद्ध में बदल देते हैं। नागराज और नागिना की जुगलबंदी, नागदंत की वापसी, नैश जैसे पात्र को पाॅजटिव दिखाना (कौन है वैसे ये?), तौसी का पागलपन और महात्मा कालदूत का रौद्र रूप पाठकों को एक्शन का जबरदस्त स्वाद प्रदान करता है। ड्रैकुला का लौटना और नागवंश पर हमला कहानी के सबसे खतरनाक हिस्सों में से एक है।

एक अंत जो सवाल छोड़ता है

विराट पर्व कहानी को पूरी तरह बंद नहीं करती। कई धागे खुले छोड़े गए हैं। यह संकेत साफ है कि नागग्रंथ के बाद भी इस यूनिवर्स में बहुत कुछ कहा जाना बाकी है शायद नाग उपनिषद या कोई नई श्रृंखला।

 Virat Parv - Raj Comics By Sanjay Gupta
Virat Parv – Raj Comics By Sanjay Gupta

विराट पर्व की कहानी कई जगह लॉजिक की कसौटी पर नहीं बैठती और बैठनी भी नहीं चाहिए। यह सुपरहीरो फिक्शन है, जो विज्ञान से आगे की बात करता है। लेकिन भावना, स्केल, किरदार और प्रस्तुति के स्तर पर यह कॉमिक्स बेहद सशक्त है। मैंने इसे पढ़कर बेहद आनंद लिया और बहुत दिनों के काॅमिक्स में कई गूसबम्स मोंमेंट मिले। अगर आपने अभी तक नहीं पढ़ी है, तो यह नागग्रंथ श्रृंखला की वह किताब है जिसे बिलकुल मिस नहीं किया जाना चाहिए।

यह सिर्फ एक कॉमिक्स नहीं यह राज कॉमिक्स के इतिहास का एक विराट अध्याय है, जो अपने नाम के साथ-साथ श्रृंखला से भी न्याय करने में सफल रहा। कई सवाल खड़े किये भी हैं जो आगे जरूर सुलझाएं जाएंगे। आभार – काॅमिक्स बाइट!!

पढें: नाग ग्रंथ श्रृंखला का नया अध्याय – विराट पर्व! (New Chapter Of Nag Granth series – Virat Parv!)

Raj Comics | Combo-1 of Narak Nashak Nagraj Nag Granth Series New Comics | Aadi Parv | Naag Parv | Aaranyak Parv | Halahal Parv | Hindi | Paperback

Nag Granth Series - Narak Nashak Nagraj - Raj Comics By Sanjay Gupta
Nag Granth Series – Narak Nashak Nagraj – Raj Comics By Sanjay Gupta
Raj Comics By Sanjay Gupta | Aranyak Parv | Streebhu | Yoddha | Comics Byte Reviews | Dev Comics

Comics Byte

A passionate comics lover and an avid reader, I wanted to contribute as much as I can in this industry. Hence doing my little bit here. Cheers!

Leave a Reply

error: Content is protected !!